फरीदाबाद : कानून हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं : कृष्णपाल गुर्जर
पार्षद-एक्सईएन विवाद पर बोले केंद्रीय राज्यमंत्री
फरीदाबाद, 31 जुलाई (हि.स.)। बल्लभगढ़ के वार्ड नबर-42 के पार्षद दीपक यादव और नगर निगम के एक्सईएन के बीच चल रहे विवाद में अब केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून को हाथ में लेने का कोई हक नही है। उन्होंने कहा कि पार्षद को अगर कोई परेशानी थी तो वो स्थानीय विधायक, नगर निगम कमिश्नर, मंत्री या सीएम किसी से भी शिकायत कर सकते थे। देश में लोकतंत्र है सबको अपनी बात रखने का हक है, लेकिन सरकारी ऑफिस पर ताला लगाना गलत है। गौरतलब है कि 28 जुलाई को वार्ड-42 के निर्दलीय पार्षद दीपक यादव ने बल्लभगढ़ नगर निगम जोन कार्यालय में पहुंचकर नगर निगम के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) डालचंद शर्मा के कार्यालय के बाहर जंजीर और ताला लगाकर उसे बंद कर दिया। उनका कहना था कि वार्ड-43 में सुषमा स्वराज कॉलेज से लेकर तिरखा कॉलोनी की गली होते हुए तिगांव रोड तक मुख्य सीवर लाइन डालने का कार्य स्वीकृत हुआ था। करीब 15 दिन पहले इस कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया था और ठेकेदार को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया था। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद 4 दिन के भीतर काम शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। एक्सईएन डालचंद के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में बुधवार से कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने कामकाज बंद कर धरना दे रहे है। उनकी मांग की है कि पार्षद पवन यादव ने एक अधिकारी के साथ गलत बर्ताव किया है। कर्मचारियों ने मांग की है कि पवन यादव के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया जाए। पार्षद पवन यादव ने कहा कि वो जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे है। लोग काम शुरू न होने के कारण परेशानियों का सामना कर रहे है। लेकिन अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे है। उन्होंने कहा कि आगे भी वो जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। इस मामले को लेकर एक्सईएन डालचंद की तरफ से पुलिस को शिकायक दी गई है। जिसकी जांच बल्लभगढ़ एसीपी अशोक कुमार के द्वारा की जा रही है। एसीपी ने कहा कि पुलिस दोनों पक्षों को सुन रही है। दोनों की तरफ से बयान दर्ज कराए गए है। जांच में जो भी सामने आएगी उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

