फरीदाबाद : हर नागरिक तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार का संकल्प : कृष्ण पाल गुर्जर
1.85 करोड़ से सिविल अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं का हुआ विस्तार
फरीदाबाद, 01 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल में भवन के नवीनीकरण और तथा जिले के सात अमृत सरोवरों के लोकार्पण से स्वास्थ्य सेवाओं, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिली है। बुधवार को फरीदाबाद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, पृथला के पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह तथा उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ स्थित अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग की योजनाओं का उद्घाटन और लोकापर्ण किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। इसी क्रम में अंबाला, फरीदाबाद, कैथल, पलवल, रेवाड़ी और नूंह के जिला अस्पतालों का लगभग 28.09 करोड़ की लागत से नवीनीकरण किया गया है, जहां आधुनिक सुविधाएं, बेहतर आधारभूत ढांचा, स्वच्छ वातावरण और मरीजों की सुविधाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों में वृक्षारोपण पखवाड़ा भी शुरू किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ हरियाणा के निर्माण की महत्वपूर्ण पहल है। राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि जिला सिविल अस्पताल फरीदाबाद में लगभग 1.85 करोड़ की लागत से सफेदी, शौचालयों के उन्नयन, आंतरिक सडक़ों और पार्किंग के विकास के कार्य किए गए हैं, जिससे अस्पताल अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में अस्पताल में 161.11 करोड़ की लागत से सात मंजिला मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) यूनिट का निर्माण तेज़ी से जारी है, जिसे लगभग दो वर्षों में जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 1 करोड़ की लागत से आधुनिक विद्युत पैनल का कार्य अंतिम चरण में है तथा 1.74 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है, जिससे अस्पताल की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी। लगभग 4.67 करोड़ की लागत से विकसित अटाली, भनकपुर, मोहला, गढख़ेड़ा, रायपुर कलां के ये सरोवर जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, पर्यावरण संवर्धन और ग्रामीण विकास को नई गति देंगे। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद शिखा, डीसीपी उषा कुंडू, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

