home page

फरीदाबाद : भाखरी से हटेगा कूड़ा, प्रतापगढ़ डंपिंग प्लांट की बढ़ेगी क्षमता : कृष्णपाल गुर्जर

 | 
फरीदाबाद : भाखरी से हटेगा कूड़ा, प्रतापगढ़ डंपिंग प्लांट की बढ़ेगी क्षमता : कृष्णपाल गुर्जर


बैठक में लिया गया निर्णय, 20 नवंबर के बाद भाखरी से हटेगा कूड़ा

फरीदाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में अरावली के गांव भाखरी में बनाए जा रहे डंपिंग यार्ड को लेकर जारी विरोध के बीच मंगलवार को सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में बैठक हुई। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा विधायक धनेश अदलखा, सतीश फागना, नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दावा किया कि 20 नवंबर के बाद भाखरी से कूड़ा उठाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए शहर में कूड़ा निस्तारण की क्षमता बढ़ाने और बड़े कलेक्शन प्वाइंट पर मशीनें लगाने की योजना बनाई जा रही है। अरावली के गांव भाखरी में नगर निगम ने शहर से निकलने वाला कूड़ा डालने के लिए डंपिंग यार्ड बनाने की योजना तैयार की थी। यहां कूड़ा डालना शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के ढेर लगने से पर्यावरण प्रदूषित होगा और अरावली की प्राकृतिक हरियाली को नुकसान पहुंचेगा। इसी के चलते ग्रामीण सात अक्टूबर से लगातार विरोध कर रहे हैं। कूड़ा डालने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है।

बैठक के बाद कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि सेक्टर-56 के प्रतापगढ़ में 500 टन प्रतिदिन क्षमता वाला कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाया गया है। इसकी क्षमता बढ़ाकर 750 टन प्रतिदिन करने की तैयारी है। इसके अलावा मुजेरी में 200 टन क्षमता का कूड़ा निस्तारण प्लांट भी चल रहा है। मंत्री के मुताबिक, शहर में जहां भी बड़े कूड़ा कलेक्शन प्लांट हैं, वहां कूड़े के निस्तारण के लिए मशीनें लगाई जाएंगी। इससे कूड़े का निस्तारण उसी स्थान पर किया जा सकेगा और भाखरी में जमा कूड़े को हटाने का रास्ता साफ होगा। हालांकि, भाखरी से कूड़ा हटाने का काम कब और कितनी तेजी से शुरू होगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। स्मार्ट सिटी में विभिन्न स्रोतों से रोजाना करीब 1200 टन कचरा निकलता है। बंधवाड़ी में कूड़ा फेंकने पर रोक लगने के बाद नगर निगम के सामने कूड़ा डंपिंग को लेकर समस्या बढ़ गई है। प्रतापगड़ कूड़ा निस्तारण केंद्र में विधायक के हस्तक्षेप के बाद पांच ट्रक से ज्यादा कूड़ा नहीं डाला जा सकता है। वहां पहले ही कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है। यही हालत नचौली कूड़ा निस्तारण केंद्र की है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर