फरीदाबाद : कांवड यात्रा की तैयारी, आगरा कैनाल मार्ग वाहनों के लिए बंद
फरीदाबाद, 25 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कालिंदी कुंज से पलवल बॉर्डर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। इस दौरान आगरा कैनाल के किनारे बने कांवड़ मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी और इस रास्ते से केवल कांवडिय़ों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। ट्रैफिक थाना प्रभारी अनोज कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस के जवान दो-दो शिफ्टों में तैनात रहेंगे। इसके अलावा दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद पुलिस के साथ भी बेहतर समन्वय बनाकर काम किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा का मुख्य मार्ग कालिंदी कुंज से शुरू होकर मीठापुर, दुर्गा बिल्डर, सेहतपुर पुल, आगरा कैनाल के किनारे बनी सडक़, चंदावली, दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड, केली गांव, राष्ट्रीय राजमार्ग-44, सीकरी होते हुए पलवल बॉर्डर तक रहेगा। इसी मार्ग से सबसे अधिक संख्या में कांवडिय़े अपनी यात्रा करते हैं। इसलिए इस पूरे रूट पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अनोज कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं। सामाजिक संगठनों के साथ भी बैठक कर उनका सहयोग लिया जाएगा। यात्रा के दौरान सामाजिक संगठन पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कांवडिय़ों की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को पत्र भेजकर कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई, टूटी हुई सडक़ों की मरम्मत, मार्ग पर पड़े कूड़े-कचरे को हटाने और नीचे लटक रहे बिजली के तारों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आगरा कैनाल के किनारे उगी झाडिय़ों की कटाई कराने के लिए सिंचाई विभाग और वन विभाग को भी पत्र लिखा गया है, ताकि कांवडिय़ों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ट्रैफिक थाना प्रभारी अनोज कुमार ने लोगों से अपील की है कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आगरा कैनाल मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

