फरीदाबाद जेल में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
फरीदाबाद, 08 जून (हि.स.)। जिला नीमका जेल में सोमवार तडक़े एक बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी ऋतिक उर्फ रंकित भड़ाना (25) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 11 महीने से विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल सूत्रों के अनुसार ऋतिक उर्फ रंकित के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास समेत करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके चलते उसे जेल परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि उसने अस्पताल के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जब जेल स्टाफ ने उसे उसके बेड पर नहीं देखा, तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान अस्पताल के बाथरूम में वह फंदे से लटका मिला। कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जेल डिप्टी साजिद खान मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। मृतक के भाई राजेश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई को जेल के अंदर प्रताडि़त किया जाता था। उनका आरोप है कि जेल डिप्टी साजिद खान द्वारा अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी। जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और उसने यह कदम उठाया। वहीं जेल डिप्टी साजिद खान ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जेल में सभी बंदियों के साथ समान व्यवहार किया जाता है और ऋतिक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

