home page

फरीदाबाद : पूर्ण रूप से डिजिटल और पेपरलेस होगी जनगणना : धीरेंद्र खडग़टा

 | 
फरीदाबाद : पूर्ण रूप से डिजिटल और पेपरलेस होगी जनगणना : धीरेंद्र खडग़टा


आगामी जनगणना 2027 को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण हुआ संपन्नफरीदाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आगामी जनगणना 2027 को लेकर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार दूसरा एवं अंतिम दिन रहा। इस प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़े सभी चार्ज ऑफिसरों ने भाग लिया और भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण सत्र के बाद निगम आयुक्त कम मुख्य जनगणना अधिकारी फरीदाबाद धीरेंद्र खडग़टा ने बताया कि आगामी 16वीं जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल और पेपरलेस होगी। जनगणना के दौरान आंकड़े सीधे मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे, जिससे डेटा की सटीकता और पारदर्शिता बढ़ेगी। इसके लिए भारत सरकार की ओर से सहायक निदेशक कृष्ण कुमार और जिला समन्वय अधिकारी कम मुख्य ट्रेनर प्रशांत शर्मा द्वारा अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना के अंतर्गत मोबाइल ऐप, सेंसस मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से डेटा संग्रहण और उसकी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। इससे जनसंख्या, शिक्षा स्तर, रोजगार, आवास और अन्य सामाजिक-आर्थिक स्थितियों से संबंधित सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे, जो सरकार को योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के उचित वितरण में मदद करेंगे। निगम आयुक्त ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास की आधारशिला होती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को नीतियां बनाने और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जब जनगणना कर्मचारी उनके घर जानकारी लेने आएं तो उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें। सही जानकारी मिलने से ही सरकार को क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आंकलन करने और जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलेगी। इस ट्रेनिंग सेशन में निगम के सभी क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी के अलावा तहसीलदार बल्लभगढ़, तहसीलदार बडख़ल, फरीदाबाद तहसीलदार भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर