home page

फरीदाबाद : अवैध शराब बनाते दो आरोपी गिरफ्तार, 150 लीटर लाहन बरामद

 | 
फरीदाबाद : अवैध शराब बनाते दो आरोपी गिरफ्तार, 150 लीटर लाहन बरामद


फरीदाबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र में अनंगपुर पहाड़ और खडिय़ा खान के जंगल में अवैध कच्ची शराब तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उडऩ दस्ता की टीम ने बुधवार को छापेमारी कर मौके से दो आरोपियों को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान जंगल में शराब बनाने की भट्‌ठी चालू हालत में मिली। मुख्यमंत्री उडऩ टीम के अधिकारी सतबीर ने बताया कि टीम को अनंगपुर क्षेत्र के जंगल में अवैध शराब बनाने की सूचना मिली थी। टीम ने इसकी जानकारी सूरजकुंड थाना पुलिस को दी और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। टीम को जंगल के अंदर शराब बनाने की भठ्‌ठी चलती मिली। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो लोगों को काबू किया। आरोपियों की पहचान अनंगपुर निवासी बलजीत और अनंगपुर के पछोला मोहल्ला निवासी रवि उर्फ रविन्द्र के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके की तलाशी के दौरान करीब तीन से चार लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा करीब 150 लीटर लाहन भी मिला, जिसका इस्तेमाल कच्ची शराब तैयार करने में किया जा रहा था। टीम ने बरामद शराब और लाहन के नमूने नियमानुसार लेकर सील कर दिए। छापेमारी के दौरान शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली भठ्‌ठी, ड्रम, मिट्टी का डकोला, धातु का देगचा और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। मौके से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जंगल में तैयार की जाने वाली कच्ची शराब आसपास के गांवों और इलाकों में सप्लाई की जाती थी। बताया गया है कि कुछ लोग जंगल में पहुंचकर सीधे भी शराब खरीदते थे। अवैध तरीके से तैयार होने वाली ऐसी शराब स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। कार्रवाई के बाद सूरजकुंड थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस बरामद सामान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर