फरीदाबाद : झगड़े में जख्मी हुए ईएसआई की अस्पताल में हुई मौत
फरीदाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। थाना धौज क्षेत्र के गांव आलमपुर में ड्यूटी के दौरान कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए एग्जीक्यूटिव सब-इंस्पेक्टर (ईएसआई) राजेंद्र सिंह की पांच दिन बाद गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक है। वहीं, इस मामले में पहले दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में अब हत्या की धाराएं जोडऩे की तैयारी की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने गुरुवार को बताया कि 12 अप्रैल को थाना धौज की ईआरवी टीम को गांव आलमपुर में बीएसए कॉलेज के पीछे दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उस समय दोनों पक्ष आपस में झगड़ा कर रहे थे। पुलिस टीम के साथ मौजूद ईएसआई राजेंद्र सिंह दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान झगड़ा कर रहे एक पक्ष के युवक आलम और सद्दाम ने कथित तौर पर गुस्से में आकर पुलिसकर्मी को जान से मारने की नीयत से अपनी स्विफ्ट कार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ईएसआई राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि करीब पांच दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद उनकी मौत हो गई। घटनाक्रम के संबंध में सिपाही सोनू की शिकायत पर थाना धौज में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान एवीटीएस सिकरौना की टीम ने कार्रवाई करते हुए आलम निवासी गांव आलमपुर और सद्दाम निवासी गांव सिरोही को पाली चौक से गिरफ्तार कर लिया। मृतक ईएसआई राजेंद्र सिंह मूल रूप से गुरुग्राम जिले के गांव धनकोट, थाना राजेंद्र पार्क के निवासी थे। उनका जन्म 15 जनवरी 1976 को हुआ था। वह 9 दिसंबर 1998 को हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे और उनकी शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास थी। 2 मार्च 2024 को उनका ट्रांसफर थाना पल्ला से थाना धौज में हुआ था, जहां वह अपनी सेवाएं दे रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

