home page

फरीदाबाद : नार्को डॉग ‘चार्ली’ के साथ एचएसएनसीबी ने चलाया सर्च ऑपरेशन

 | 
फरीदाबाद : नार्को डॉग ‘चार्ली’ के साथ एचएसएनसीबी ने चलाया सर्च ऑपरेशन


फरीदाबाद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने मंगलवार को राहुल कॉलोनी तथा एनडी पहाड़ी, फरीदाबाद क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। इस अभियान में प्रशिक्षित नार्को डॉग ‘चार्ली’ की मदद से कॉलोनी के संदिग्ध मकानों व ठिकानों की गहनता से चेकिंग की गई। यूनिट इंचार्ज इन्स्पेक्टर संग्राम सिंह ने कहा की उनकी टीम ने नार्को डॉग चार्ली के साथ दोनों क्षेत्रों की गलियों, संदिग्ध मकानों व उन स्थानों की बारीकी से तलाशी ली, जहां नशा तस्करी या नशे के सेवन की आशंका रहती है। प्रशिक्षित डॉग की सूंघने की क्षमता का उपयोग करते हुए टीम ने हर संभावित ठिकाने को खंगाला, ताकि क्षेत्र में छिपाकर रखे गए किसी भी नशीले पदार्थ का पता लगाया जा सके। इस प्रकार के अचानक चलाए जाने वाले सर्च ऑपरेशन नशा तस्करों में भय पैदा करने तथा रिहायशी इलाकों को नशामुक्त रखने की दिशा में अहम कदम माने जाते हैं। तलाशी अभियान के बाद टीम ने कॉलोनी के निवासियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक भी किया। लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्परिणामों तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत नशीले पदार्थों की बिक्री, खरीद और तस्करी पर मिलने वाली सख्त सजा के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नशे के किसी भी संकेत को नजरअंदाज न करें। इन्स्पेक्टर संग्राम सिंह ने बताया कि एचएसएनसीबी फरीदाबाद यूनिट जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और गिरफ्तारी व बरामदगी के साथ-साथ ऐसे सर्च व जागरूकता अभियान आगे भी जिले के अन्य संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर