home page

फरीदाबाद : मकान का ताला तोडक़र लाखों की नकदी चाेरी

 | 
फरीदाबाद : मकान का ताला तोडक़र लाखों की नकदी चाेरी


फरीदाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। सेहतपुर स्थित सूर्या कॉलोनी में कच्छा गैंग ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोडक़र अंदर घुसे और कमरों में रखी अलमारी का लॉक तोडक़र करीब पांच लाख रुपए के सोने के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कैश चोरी कर फरार हो गए। वारदात के समय परिवार पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी में गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता शहनाज ने बताया कि वह पल्ला थाना क्षेत्र के सेहतपुर स्थित सूर्या कॉलोनी में अपनी दो बेटियों के साथ रहती हैं, जबकि उनके पति सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उनका मायका भी पड़ोस में ही है। मंगलवार रात को वह दोनों बेटियों के साथ मायके में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थीं। रात अधिक होने के कारण सभी वहीं रुक गए। शहनाज ने बताया कि बुधवार सुबह, जब वह अपने घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। चोर अलमारी में रखे कीमती सामान को लेकर फरार हो चुके थे। पीडि़ता ने बताया कि उन्होंने अपनी दोनों बेटियों की शादी के लिए धीरे-धीरे करके सोने के जेवर बनवाए थे। चोर करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और कुछ नगदी चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि जल्द ही बेटियों की शादी की तैयारी चल रही थी, इसलिए वर्षों की मेहनत से जेवर बनवाए थे । कॉलोनी निवासी दीपक ने बताया कि घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो युवक केवल कच्छा पहने हुए हाथ में लैपटॉप और अन्य सामान लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। आशंका है कि वारदात देर रात करीब दो बजे के बाद अंजाम दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के मुताबिक पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर