home page

फरीदाबाद : पुरानी रंजिश में बदमाशों ने होटल संचालक पर चलाई गोली

 | 
फरीदाबाद : पुरानी रंजिश में बदमाशों ने होटल संचालक पर चलाई गोली


फरीदाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। सेक्टर-35 के अशोका एंकलेव स्थित एक होटल संचालक पर बाइक सवार तीन बदमाशों के द्वारा गोली चलाने का मामला सामने आया है। हांलकि पीडि़त को गोली गर्दन के पास से छूते हुए निकल गई। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन का राउंडअप कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेक्टर 58 करनेरा गांव में बालाजी कालोनी के रहने वाले प्रतीक ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह पिछले कई सालों से सेक्टर 35 में एक होटल चला रहा है। करीब डेढ़ साल पहले उसके होटल में करनाल के गांव बहाड़ी का रहने वाला रमन रूकने के लिए आया था। जिससे उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, तभी से रमन उससे रंजिश रखे हुए था। प्रतीक ने बताया कि कुछ ही दिन पहले उसने एक रील अपने इंस्टग्राम पर पोस्ट की थी। जिस पर रमन ने उसको जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार को रात वह होटल के नीचे टहल रहा था, तभी पैदल दो युवक उसके पास आये, जिन्होंने आते ही उसकी तरफ फायर कर दिया। एक गोली उसकी गर्दन के पास से निकल गई। प्रतीक ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही होटल के कर्मचारी बाहर आये। लेकिन तभी तक तीनों बदमाश एक बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। तीनों में से एक ने पहले से ही बाइक स्टार्ट करके रखा हुआ था।पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने रविवार काे बताया कि, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस और क्राइम ब्रांच बार्डर की टीम ने जांच करते हुए रमन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर