फरीदाबाद : घर में मिला 10 फीट लंबा अजगर, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
फरीदाबाद, 03 नवंबर (हि.स.)। गांव भाकरी में एक घर के अंदर करीब 10 फीट लंबा अजगर मिलने से परिवार में दहशत फैल गई। अजगर घर की सीढिय़ों के पास उस जगह बैठा था, जिसका इस्तेमाल परिवार के सदस्य नहाने के लिए करते हैं। सोमवार शाम के समय अचानक अजगर पर नजर पड़ते ही परिवार के लोग घबरा गए। उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि अजगर का किसी सदस्य से सामना नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को बुलाया गया। देर रात पहुंची टीम ने सावधानी से अजगर को पकडक़र सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। गांव निवासी जीतू ने बताया कि शाम को परिवार के सदस्यों ने घर में अजगर देखा। अचानक इतने बड़े सांप को देखकर वे घबरा गए। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। सूचना फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आसपास के लोग सतर्क हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। वन विभाग को अजगर का रेस्क्यू करने के लिए बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने आबादी के बीच इतने बड़े वन्यजीव के पहुंचने पर चिंता जताई। रात को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग के इंस्पेक्टर हंसराज ने बताया कि भाकरी गांव अरावली क्षेत्र के नजदीक बसा है। जंगल से निकलकर अजगर रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। टीम ने उसका रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। रेस्क्यू के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

