फरीदाबाद : होली को लेकर पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर
फरीदाबाद, 01 मार्च (हि.स.)। होली के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने के आदेश दिये हैं। होली को लेकर सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में लगातार गस्त करने के दिशा निर्देश दिये गये हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह त्योहार लोगों की धार्मिक आस्था का प्रतीक है और सभी शांतिपूर्वक तरीके से त्योहार मनाएं। शराब पीकर गाडी चलाने, ब्लैक फिल्म, ट्रिपल राइडिंग वालों पर यातायात पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि कुछ उपद्रवी लोग भांग या शराब के नशे में वाहनों पर सवार हो जाते हैं और तेज गति से सडक़ों पर वाहन दौड़ाते हैं जिसके परिणामस्वरूप गंभीर दुर्घटनाएं घटित होती हैं। इन दुर्घटनाओं में वाहन चालक के साथ साथ आमजन को भी गंभीर दुष्परिणाम भुगतने पड़ते हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध फरीदाबाद पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता ने रविवार को कहा कि होली के त्यौहार को लेकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, महिलाओं के साथ अभद्रता पर रोक लगाना, यातायात व्यवस्था व कानून व्यवस्था बनाये रखना फरीदाबाद पुलिस के मुख्य प्राथमिकता रहेगी। जिसके लिए सभी थाना व चौकी प्रभारी को सार्वजनिक स्थानों तथा बाजारों/मार्किट में गस्त व पुलिस बल तैनात करने बारे निर्देश दिये गये है। होली व फाग के दिन सरकारी अस्पतालों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला में 70 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टी गस्त करेंगी तथा 50 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की जाएगी। इसके अतिरिक्त अपराध शाखाओं की टीम भी गस्त करेंगी। उन्होंने आगे बताया कि होली के अवसर पर कुछ लोग नशा कर छोटी मोटी बातों के चलते आपस में लड़ाई झगड़ा करते हैं इसके गंभीर परिणाम निकलते हैं और भाईचारा बिगड़ता है। पुलिस ऐसे उपद्रवियों के साथ सख्ती से पेश आएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रहेगी, भ्रामक व आपत्तिजनक प्रचार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि शांतिपूर्वक तरीके से होली का त्योहार मनाएं। रमजान का महीना चल रहा है। हिंदू मुस्लिम भाईचारे का परिचय दें और किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

