home page

फरीदाबाद में भारी बारिश, ओल्ड अंडरपास पानी के चलते हुआ बंद

 | 
फरीदाबाद में भारी बारिश, ओल्ड अंडरपास पानी के चलते हुआ बंद


फरीदाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद शहर में मंगलवार सुबह से लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के कारण ओल्ड अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया, जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने एहतियात के तौर पर अंडरपास को दोनों तरफ से बंद कर दिया। पुलिस ने दोनों ओर लगे गेटों पर ताले लगा दिए हैं और मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, ताकि कोई वाहन या राहगीर पानी भरे अंडरपास में प्रवेश न कर सके। सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई सेक्टरों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई सडक़ों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण एनआईटी-86, संजय कॉलोनी, 33 फीट रोड पर जलभराव हो गया। लगातार बारिश के चलते ओल्ड अंडरपास में पानी तेजी से भरता चला गया। पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव कम नहीं हो सका और पूरा अंडरपास पानी में डूब गया। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों ओर के गेट बंद कर दिए, ताकि कोई वाहन पानी में फंसकर हादसे का शिकार न हो। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अंडरपास को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। दमकल और संबंधित विभाग की मदद से पानी निकालने का कार्य जारी है। जैसे ही जलभराव खत्म होगा और रास्ता सुरक्षित होगा, अंडरपास को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर