फरीदाबाद : कारोबारी की मौत का मामला चार माह बाद हत्या में तब्दील, छह नामजद
फरीदाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन दरगाह पर चादर और फूल बेचने वाले लईक अहमद की मौत अब हत्या के मामले में तब्दील हो गई है। करीब चार महीने तक चली जांच के बाद आई एफएसएल रिपोर्ट में उनके शरीर में जहरीला पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना पुलिस ने हत्या और जहर देने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मृतक की पत्नी रीहाना निजामी ने छह लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि संपत्ति विवाद के चलते उनके पति को साजिश के तहत जहर दिया गया। शिकायत के अनुसार, लईक अहमद और खोरी निवासी नन्ने उर्फ मोहसिन के बीच संपत्ति के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने नन्ने उर्फ मोहसिन, उसकी मां मुनीजा, वकील फखरे आलम, वासिद, सुक्की और दिलबर उर्फ दिलशाद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब नामजद आरोपियों की भूमिका और मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पत्नी की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लईक अहमद और खोरी निवासी नन्ने उर्फ मोहसिन के बीच संपत्ति के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश के चलते साजिश रचकर लईक को जहर देने की आशंका जताई गई है। मामले में नन्ने, उसकी मां मुनीजा, वकील फखरे आलम, वासिद, सुक्की और दिलबर उर्फ दिलशाद को नामजद किया गया है। शिकायत के मुताबिक, सात जुलाई को लईक अहमद स्कूटी लेकर घर से निकले थे। दोपहर में उनकी नन्ने से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो सका। शाम को बेटे ने वकील फखरे आलम से संपर्क किया तो बताया गया कि लईक सूरजकुंड के खोरी इलाके में बेहोशी की हालत में पड़े हैं। बाद में वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को वह रिक्शा पर अचेत अवस्था में दिखाई दिए। परिवार का आरोप है कि लईक को अस्पताल ले जाने के नाम पर अलग-अलग अस्पतालों की जानकारी देकर उन्हें भ्रमित किया गया। रात उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी के अनुसार, लईक के नाखून और शरीर नीले पड़ चुके थे तथा कपड़ों पर उल्टी के निशान थे। इन परिस्थितियों के कारण उन्हें मौत सामान्य नहीं लगी। लईक की मौत के बाद पोस्टमार्टम के दौरान विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया था। 31 अक्टूबर को आई रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर ने भी अपनी राय में मौत का कारण जहर बताया। रिपोर्ट सामने आने के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने हत्या और जहर देने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। अब पुलिस नामजद आरोपियों की भूमिका और मौत के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

