फरीदाबाद : शराब ठेका और प्रॉपर्टी डीलर से मांगी रंगदारी; बदमाशों ने की फायरिंग
फरीदाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद में शनिवार देर रात बदमाशों द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रंगदारी मांगने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करीब आधे घंटे के अंतराल में हुई इन दो घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने पहले चंदावली गांव रेड लाइट के पास स्थित एक शराब के ठेके को निशाना बनाया और उसके बाद मच्छर गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर फायरिंग की। दोनों ही स्थानों पर बदमाश रंगदारी की पर्ची फेंककर फरार हो गए। गनीमत यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात दो युवक बाइक से चंदावली गांव स्थित रेड लाइट के पास एक शराब के ठेके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक के हाथ में देसी कट्टा था। पहले एक युवक ठेके के सामने खड़ा हो गया, जबकि दूसरा युवक साइड से आते ही जमीन की ओर गोली चला देता है। अचानक हुई फायरिंग से ठेके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी सहम गए। गोली चलाने के बाद बदमाशों ने सेल्समैन को धमकाते हुए कहा कि यदि ठेका चलाना है तो उन्हें 10 प्रतिशत हिस्सेदारी देनी पड़ेगी, अन्यथा जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने 10 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग लिखी पर्ची ठेके के अंदर फेंकी और वहां से फरार हो गए। ठेका संचालक आशीष छावनी ने बताया कि घटना के समय वह घर पर थे और ठेके पर केवल सेल्समैन मौजूद था। सेल्समैन ने फोन कर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आशीष के अनुसार, फायरिंग के दौरान सेल्समैन बाल-बाल बच गया। गोली उसके पास से गुजरते हुए ठेके में रखी महंगी शराब की 4 से 5 बोतलों में जा लगी, जिससे वे टूट गईं। गोली ट्रे को पार करते हुए पीछे की दीवार में धंस गई। उन्होंने बताया कि बदमाश अपनी बाइक ठेके से कुछ दूरी पर अंधेरे में खड़ी कर आए थे, जिससे बाइक सीसीटीवी कैमरों में कैद नहीं हो सकी। हालांकि दोनों आरोपी ठेके पर लगे कैमरों में साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा बदमाशों ने सदर क्षेत्र के ही मच्छर गांव में प्रॉपर्टी का काम करने वाले विनोद भाटी के ऑफिस को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार बदमाश वहां पहुंचे और ऑफिस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद उन्होंने 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगते हुए एक पर्ची ऑफिस पर फेंक दी और जाते-जाते चिल्लाकर धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो जान से मार दिया जाएगा। प्रॉपर्टी डीलर विनोद भाटी ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद थे। उन्हें आसपास के लोगों ने फोन कर बताया कि उनके ऑफिस के बाहर गोली चली है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें फायरिंग के निशान और रंगदारी की पर्ची मिली। उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि बदमाश कौन थे और क्यों उनसे रंगदारी मांगी गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश एक ही गिरोह के हैं या अलग-अलग। सदर थाना प्रभारी समीर कुमार ने रविवार काे बताया कि दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

