home page

फरीदाबाद : शॉर्ट सर्किट से वर्कशाप में लगी आग, मशीनें जली

 | 
फरीदाबाद : शॉर्ट सर्किट से वर्कशाप में लगी आग, मशीनें जली


फरीदाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुजेसर क्षेत्र में एक वर्कशॉप में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। यह आग कमलेश इंटरप्राइजेज नामक वर्कशॉप में लगी। इस वर्कशॉप में ग्लब्स बनाने का काम किया जाता है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे के अंदर आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, हालांकि दो मशीनें और कुछ सामान जलकर खराब हो गया। स्थानीय निवासी अजीत ने बताया कि शुक्रवार को सुबह वर्कशॉप में काम करने वाले दो-तीन मजदूर पहुंचे थे। जैसे ही एक मजदूर ने मशीन चालू की, अचानक मशीन में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट होने के बाद मशीन में आग लग गई और उससे जुड़े बिजली के बॉक्स में भी आग फैल गई। इसी दौरान तेज आवाज भी हुई और वर्कशॉप के अंदर से धुआं निकलने लगा। वर्कशॉप से धुआं निकलता देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। अजीत भी अंदर पहुंचे और सबसे पहले बिजली के मीटर और बॉक्स से बिजली की सप्लाई बंद करवाई, ताकि आग और ज्यादा न फैले। इसके बाद आसपास के लोगों ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ लोगों ने वर्कशॉप के अंदर रखा सामान भी बाहर निकालना शुरू कर दिया ताकि नुकसान कम हो सके। इस दौरान दमकल विभाग को भी आग लगने की सूचना दे दी गई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी सबसे पहले मौके पर पहुंची और कुछ ही मिनट बाद दूसरी गाड़ी भी पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने से मशीन के आसपास रखे ग्लब्स, प्लास्टिक के डिब्बे और कुछ अन्य सामान जल गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया। मुजेसर थाना प्रभारी पुरान सिंह ने बताया कि कमलेश इंटरप्राइजेज की वर्कशॉप में मशीन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और सिर्फ दो मशीनें ही जली हैं। दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर