फरीदाबाद : पिता पर चाकू से हमला करने वाला बेटा गिरफ्तार
फरीदाबाद, 20 अगस्त (हि.स.)। ओल्ड फरीदाबाद की भीम बस्ती में नौकरी करने की बात कहने को लेकर हुए विवाद में पिता पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी बेटे को गुरुवार पुलिस ने सैनी चौक ओल्ड फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब पिता बालकिशन ने अपने बेटे विकास उर्फ विक्की को जीवन व्यापन के लिए काम धंधा करने के लिये कहा तो पिता के साथ झगड़ा किया और घर में रखा सब्जी काटने का चाकू उठा कर अपने पिता बालकिशन पर वार कर घायल कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित का पूर्व में भी अपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिस पर पहले भी चार मामले में पलवल व फरीदाबाद में दर्ज है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भीम बस्ती ओल्ड फरीदाबाद निवासी बालकिशन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अगस्त 2026 को शामं के समय वह अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान बालकिशन और उसकी पत्नी अपने बड़े बेटे विकास उर्फ विक्की को नौकरी करने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर विकास, अपने पिता के साथ गाली-गलौच करने लगा और घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर अपने पिता बालकिशन पर हमला कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

