फरीदाबाद : नकली एशियन पेंट कारोबार का भंडाफोड़, 233 बाल्टियां बरामद
फरीदाबाद, 02 सितंबर (हि.स.)। डबुआ कालोनी में नकली पेंट सप्लाई की मिल रही शिकायतें के मद्देनजर बुधवार को क्राइम ब्रांच एनआईटी ने दो दुकानों पर से एशियन पेंट्स के नाम वाली 79 भरी हुई बाल्टियां और 154 खाली बाल्टियां बरामद कीं। पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि डबुआ कॉलोनी में कुछ दुकानों पर एशियन पेंट्स के नाम और उसकी पैकिंग का इस्तेमाल करके नकली सामान तैयार किया जा रहा है। यह पेंट ग्राहकों को असली कंपनी का बताकर बेचे जाने की आशंका थी। सूचना के आधार पर अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ए-ब्लॉक में मकान नंबर 843 के पास स्थित एक दुकान पर पहुंची। यहां दुकान पर मौजूद बबलू ने बताया कि दुकान प्रदीप की है और वह किसी पारिवारिक काम से आगरा गया हुआ है। तलाशी लेने पर दुकान से एशियन पेंट्स के अलग-अलग उत्पादों के नाम वाली 79 भरी हुई बाल्टियां मिलीं। इसके अलावा खाली बाल्टी, ढक्कन, लॉक और हैंडल भी बरामद किए गए। पुलिस ने अलग-अलग उत्पादों के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए। इसके बाद पुलिस टीम डबुआ-भाखरी रोड पर गांव भाखरी स्थित दूसरी दुकान पर पहुंची। तलाशी के दौरान वहां एशियन पेंट्स के नाम और पैकिंग वाली 154 खाली बाल्टियां मिलीं। इनके साथ ढक्कन भी बरामद हुए। पुलिस ने सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया। दीपावली के आसपास बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और दुकानों में रंग-रोगन करवाते हैं। ऐसे समय में नकली पेंट का बाजार में आना ग्राहकों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दुकानों पर पेंट और खाली बाल्टियां कहां से पहुंच रही थीं और इसके पीछे कितने लोग जुड़े हैं। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि कंपनी के ब्रांड और कॉपीराइट का गलत इस्तेमाल कर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ ग्राहकों के साथ भी धोखाधड़ी हो रही थी। मामले में थाना डबुआ पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 व 65 के तहत केस दर्ज किया है। अपराध शाखा एनआईटी के एसआई सुनील कुमार जांच कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

