फरीदाबाद : नकली एशियन पेंट्स बेचते हुए दुकान मालिक पकड़ा
फरीदाबाद, 12 सितंबर (हि.स.)। एसजीएम नगर इलाके में नकली एशियन पेंट्स बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुकान पर शनिवार को छापेमारी कर नकली पेंट से भरी छह बाल्टियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दुकान मालिक विकास गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एशियन पेंट्स कंपनी के कॉपीराइट और ट्रेडमार्क से जुड़े मामलों की जांच करने वाली टीम को सूचना मिली थी कि एसजीएम नगर क्षेत्र की एक दुकान पर कंपनी के नाम से नकली पेंट बेचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी की ओर से जांच अधिकारी अनुज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम अनुज कुमार के साथ गुप्ता पेंट और हार्डवेयर दुकान नंबर डी-121, पटेल चौक के पास पहुंची। यहां दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम विकास गुप्ता बताया और खुद को दुकान का मालिक बताया। तलाशी लेने पर दुकान से एशियन पेंट्स के नाम वाली छह बाल्टियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक बरामद बाल्टियों में एपेक्स डस्ट प्रूफ की 20 और 10 लीटर की बाल्टियां, एपेक्स शाइन 20 लीटर,एपकोलाइट प्रीमियम इमल्शन 20 लीटर और ट्रैक्टर इमल्शन की 20 और 10 लीटर की बाल्टियां शामिल हैं। इन सभी में अलग-अलग तरह का पेंट भरा हुआ था। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में ले लिया। एसजीएम नगर थाना प्रभारी अरविन्द ने बताया कि विकास गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

