home page

फरीदाबाद : दुकानदार से तलवार के बल पर मांगी रंगदारी, नगदी छीनी

 | 
फरीदाबाद : दुकानदार से तलवार के बल पर मांगी रंगदारी, नगदी छीनी


फरीदाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। जवाहर कॉलोनी में परचून की दुकान चलाने वाले दुकानदार से तलवार के बल पर रंगदारी मांगने और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे और हर महीने दस हजार रुपये देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपित गल्ले से नकदी निकालकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जवाहर कॉलोनी निवासी कर्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इलाके में परचून की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। कर्ण के अनुसार उनमें से दो की पहचान गुरमीत और दीपांशु के रूप में हुई है, जबकि तीसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी। आरोप है कि दुकान पर पहुंचते ही गुरमीत ने तलवार निकालकर उसके गले पर रख दी और हर महीने दस हजार रुपये रंगदारी देने की मांग करने लगा। पीडि़त के अनुसार, जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों युवक दुकान के अंदर घुस गए और गल्ले में रखे करीब सात हजार रुपये जबरन निकाल लिए। घटना के दौरान दुकानदार को डराने-धमकाने के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक पर आए युवक दुकान पर रुकते और कुछ देर बाद जल्दी में निकलते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने घटना के बाद पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि, अभी तक कोई भी पक्ष थाने नहीं पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर