home page

फरीदाबाद : गैस भरवाते समय फटा डंपर का सिलेंडर, कई हुए घायल

 | 
फरीदाबाद : गैस भरवाते समय फटा डंपर का सिलेंडर, कई हुए घायल


फरीदाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजकुंड रोड स्थित बीपीसीएल ऑयल कंपनी के सीएनजी पंप पर गैस भरवाते समय टाटा डंपर का एक गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि सीएनजी भरने वाली मशीन उखड़ गई और पंप पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में डंपर ड्राइवर, उसका सहायक और पंप ऑपरेटर घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार डंपर में चार गैस सिलेंडर लगे थे, जिनमें से एक फटा है। सिलेंडर का एक हिस्सा दूर जा गिरा, जबकि दूसरा मशीन से टकराया। सूचना मिलने पर सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सूरजकुंड परिसर की पास सीएनजी पंप पर एक टाटा डंपर सीएनजी भरवा रहा था। पंप का ऑपरेटर डंपर में सीनएजी भर रहा था, लेकिन कुछ ही समय बाद अचानक से डंपर में लगे चार गैस सिलेंडर में से एक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी। गैस सिलेंडर के फटने से पंप पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पंप पर ज्यादा वाहन मौजूद नहीं थे। धमाके के चलते गैस सिलेंडर का एक हिस्सा फटकर दूर जा गिरा जबकि एक हिस्सा मशीन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मशीन को उखाड़ दिया। इस हादसे में डंपर चला रहे ड्राइवर को सिर में और उसके साथी को कान में चोट आई है जबकि मशीन के पास मौजूद आपरेटर को पैर में चोट आई है। जिनको इलाज के लिए भेजा गया है। जहां पर उनका इलाज किया जा रहा है और सभी की हालत सही बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना इंचार्ज प्रहलाद ने बताया कि गैस सिलेंडर के फटने से ये हादसा हुआ है। हादसे के बारे में टीम जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर