home page

फरीदाबाद : पानी से भरे गड्ढे में गिरा नौ साल का मासूम, हुई मौत

 | 

फरीदाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-65 में आशियाना फ्लैट के पास शुक्रवार को बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबकर एक नौ साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान रेहान के रुप में हुई है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चा सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। वह स्कूल पहुंचा भी लेकिन पूरे समय वहां नहीं रहा। बच्चा बीच में ही स्कूल से निकलकर बाहर आ गया था। इस दौरान वह पानी के गड्ढे में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के दादा जलालुद्दीन ने बताया कि प्रतिदिन की भांति वह आज भी घर से स्कूल के लिए निकला था, स्कूल नजदीक था, इसलिए वह स्वयं ही स्कूल चला जाता था। आज उन्हें किसी ने सूचना दी कि उसका बच्चा पानी के गड्ढे में बेहोश पड़ा है, जिस पर वह उसे समीपवर्ती निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता नहीं है और उसके चाचा व अन्य परिजन उसकी देखभाल करते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर