home page

फरीदाबाद : देवरानी द्वारा पेट्रोल डालकर जलाई दूसरी जेठानी ने भी तोड़ा दम

 | 
फरीदाबाद : देवरानी द्वारा पेट्रोल डालकर जलाई दूसरी जेठानी ने भी तोड़ा दम


फरीदाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। शहर की डबुआ कॉलोनी में दो सगी बहनों को पेट्रोल डालकर जलाने के मामले में अब दोनों बहनों की मौत हो गई है। शनिवार देर रात बड़ी बहन मीना ने भी जयपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले 5 अप्रैल को छोटी बहन सीमा की भी उसी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामला तीन अप्रैल की शाम का है जब आरोपी देवरानी पिंकी ने पारिवारिक रंजिश के चलते दोनों बहनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। जांच में सामने आया है कि पिंकी कई दिनों से अपने पति की बाइक से थोड़ा-थोड़ा पेट्रोल चुराकर जमा कर रही थी। घटना वाले दिन उसने उसी पेट्रोल को एक बाल्टी में भरकर अपने साथ ले आई और छत पर खड़ी दोनों बहनों पर फेंक दिया। इसके बाद उसने माचिस से आग लगा दी, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गईं। डबुआ कॉलोनी निवासी मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पति देवेंद्र पाल 4 भाई हैं। सबसे बड़े उनके पति देवेंद्र पाल हैं, उनके बाद देवेश, फिर गजपाल सिंह और सबसे छोटे वेदबीर हैं। मीना की सगी छोटी बहन सीमा की शादी उनके देवर देवेश के साथ हुई थी। दोनों बहनें अपने-अपने परिवार के साथ एक ही मकान में ऊपर-नीचे रहती थीं। मीना के दो बच्चे हैं, जबकि सीमा के तीन बच्चे हैं। बताया जाता है कि दोनों बहनें आपस में मिलजुल कर रहती थीं, लेकिन सबसे छोटे देवर वेदबीर की पत्नी पिंकी को यह बात पसंद नहीं थी और इसी वजह से वह उनसे अक्सर झगड़ा करती रहती थी। घटना वाले दिन दोनों बहनें घर की छत पर खड़ी होकर बातचीत कर रही थीं। तभी पिंकी वहां पहुंची और अचानक दोनों पर पेट्रोल छिडक़ दिया। इसके बाद उसने माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं और किसी तरह छत से नीचे आईं। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। स्थानीय लोगों ने दोनों को पहले नीलम को बाटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में दोनों को जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पहले 5 अप्रैल को सीमा की मौत हो गई और अब देर रात बड़ी बहन मीना ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी देवरानी पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिंकी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वह फिलहाल जेल में ही है। उन्होंने बताया कि इस घटना में दोनों महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर