home page

फरीदाबाद : बंद कमरे में मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
फरीदाबाद : बंद कमरे में मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस


फरीदाबाद, 30 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के आदर्श नगर थाना क्षेत्र की हरी विहार कॉलोनी में 55 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कमरे से तेज बदबू आने के बाद पड़ोस में रह रहे अन्य किराएदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा तो व्यक्ति चारपाई पर मृत हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोच्र्युरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। आदर्श नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने साेमवार काे बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हरी विहार कॉलोनी में एक कमरे से काफी तेज बदबू आ रही है और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया गया। दरवाजा खोलने के बाद कमरे के अंदर एक व्यक्ति चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग की मौत करीब 10 दिन पहले हो चुकी थी और वह इतने दिनों से कमरे के अंदर ही पड़ा हुआ था। लंबे समय तक शव कमरे में पड़े रहने के कारण उसमें से बदबू आने लगी थी, जिसके बाद आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच करवाई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोच्र्युरी में भिजवा दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और हरी विहार कॉलोनी में किराए के मकान में अकेला रहता था। वह मेहनत मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। मृतक पिछले कई दिनों से कमरे में ही था और बाहर नहीं निकला था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर