फरीदाबाद :खाली मैदान में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
फरीदाबाद, 06 जून (हि.स.)। डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ युवक और अन्य लोग सैर व दौड़ लगाने के लिए गाजीपुर के खाली मैदान में पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर मैदान में औंधे मुंह पड़े एक युवक पर पड़ी। जब लोगों ने उसके पास जाकर देखा, तो उसके आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। लोगों ने पहले यह समझने की कोशिश की, कि युवक जीवित है या नहीं। कुछ लोगों ने उसे आवाज लगाई और उसकी जांच की, लेकिन युवक में किसी प्रकार की कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक ने सफेद रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके चेहरे, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा लग रहा था जैसे युवक पर किसी नुकीले हथियार या चाकू से कई वार किए गए हों। मृतक के चेहरे को गमछे से ढका हुआ पाया गया, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। स्थानीय निवासी मनीष ने बताया कि सुबह दौड़ लगाने आए कुछ युवकों ने सबसे पहले शव को देखा था। उन्होंने युवक को उठाने और उसकी स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मनीष ने बताया कि इस खाली मैदान और आसपास के क्षेत्र में अक्सर लोग आकर शराब पीते हैं, लेकिन मृतक के आसपास से कोई ऐसी वस्तु बरामद नहीं हुई जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह वहां किस कारण से पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना प्रभारी संग्राम दहिया पुलिस टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और विस्तृत जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी हत्या किसी नुकीली वस्तु से हमला कर की गई है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक की पहचान के साथ-साथ आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

