home page

फरीदाबाद : दशहरा पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, 1200 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

 | 

रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, यातायात व्यवस्था पर भी रहेगी विशेष नजर

फरीदाबाद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिले में विभिन्न दशहरा कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1200 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आयोजन स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख दशहरा स्थलों पर विशेष सुरक्षा: सेंट्रल जोन के अंतर्गत कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-37, बंगाल शूटिंग दशहरा ग्राउंड सेक्टर-31, दशहरा ग्राउंड सेक्टर-16ए और बराही तालाब ओल्ड फरीदाबाद में कार्यक्रम आयोजित होंगे। एनआईटी जोन में दशहरा ग्राउंड एनआईटी फरीदाबाद, एमसीएफ मैदान नियर गोल चक्कर सूरजकुंड और सिनेमा साइट ग्रीन फील्ड कॉलोनी, जबकि बल्लभगढ़ जोन में दशहरा ग्राउंड नियर अग्रवाल स्कूल सेक्टर-8 और दशहरा ग्राउंड बल्लभगढ़ में आयोजन होंगे। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी रावण दहन किया जाएगा जहां पर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी आयोजन स्थलों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। क्राइम ब्रांच की टीमें सादी वर्दी में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास, पार्किंग और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। दशहरा पर्व के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों पर निगरानी के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय किया है। अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मेट्रो मोड़ से ईएसआईसी चौक तक का मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। इस मार्ग पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की जाएगी। वाहन चालक अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। वहीं अंबेडकर चौक से सरकारी अस्पताल, बल्लभगढ़ तक का मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। वाहन चालकों से अनुरोध है कि इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें। प्रमुख चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास यातायात पुलिस तैनात रहेगी। वाहन चालक निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें, सडक़ पर वाहन खड़ा न करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर