फरीदाबाद : शेयर मार्केट के नाम पर लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार
फरीदाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने रविवार काे एक खाताधारक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से दो लाख ट्रांसफर किए गए थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी का बैंक खाता विभिन्न राज्यों में दर्ज 12/13 साइबर ठगी की शिकायतों से भी जुड़ा हुआ है।
ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उसके पास एक विदेशी नंबर से व्हटअप कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम एमिला रेड बताते हुए स्वयं को म्यू वैल्थ प्रा. लि. का सहायक बताया। महिला ने शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया और शिकायतकर्ता का निवेश संबंधी अकाउंट खुलवाकर अलग-अलग यूपीआई आईडी एवं बैंक खातों में धनराशि जमा करवाई। ठगों ने लगातार अधिक मुनाफे का विश्वास दिलाते हुए शिकायतकर्ता से अक्टूबर 2025 के दौरान कुल नौ लाख 66 हजार रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब शिकायतकर्ता को न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस हुई, तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजैक्शन का विश्लेषण करते हुए वैदचंद्रा बर्मन (40 वर्ष), निवासी सरिता विहार, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में दूसरी लेयर (सैकेंड लेयर) का खाताधारक है। आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसके माध्यम से ठगी की राशि को आगे स्थानांतरित किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में इस मामले से संबंधित दो लाख रुपए की ठगी की राशि प्राप्त हुई थी।पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के बैंक खाते के संबंध में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में 12/13 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी का खाता साइबर अपराधियों द्वारा कई मामलों में इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में पूर्व में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

