फरीदाबाद : फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर सवा करोड़ की ठगी, छह आरोपित गिरफ्तार
फरीदाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक से एक करोड़ 24 लाख 45 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने बुधवार को छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान उत्तरप्रदेश निवासी रौनक पाल, राकेश पाल, शुभम राय, अमन दुबे, ओमकार व रणजीत के रुप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ओमकार व रणजीत बिहार, झारखण्ड व छत्तीसगढ से युवाओं को बुलाकर फर्म का खाता खुलवाते थे तथा आगे ठगो को देते थे। वहीं अमन दुबे फर्म के लिए जगह व कागज तैयार करवाता था। शुभम पाल, राकेश पाल व रोनक पाल तीनों विदेश में बैठे ठगो के साथ टेलीग्राम के जरिए संपर्क में थे और अपने फोन में थर्ड पार्टी ऐप रखते थे। जिससे उनके फोन का एक्सेस ठगो के पास चला जाता था। ठगी की वारदात के समय ओटीपी प्राप्त करने के लिए सिम को फोन में डालकर रखते थे। उसके बाद सिम को निकाल देते थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटनाक्रम में सात आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि सेक्टर-85 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले दिनों उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताया और कहा कि शिकायतकर्ता के नाम से बेंगलुरु में एक बैंक खाता संचालित हो रहा है, जिसका उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में किया गया है। ठगों ने उसको गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते हुए उसकी संपत्ति एवं बैंक खातों में जमा धनराशि को जांच एवं सत्यापन के लिए आरबीआई तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार निर्धारित खातों में जमा कराने और जांच पूर्ण होने पर राशि को वापस भेजने बारे कहा गया। ठगो ने आरबीआई, आयकर विभाग तथा सर्वोच्च न्यायालय की मोहर लगे फर्जी दस्तावेज भी शिकायतकर्ता को भेजे। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अप्रैल 2026 में अपने विभिन्न बैंक खातों से अलग-अलग बैंक खातों में कुल एक लाख 24 हजार 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया। बाद में जब उसने अपनी धनराशि वापस लेने के लिए ठगों से संपर्क करने का प्रयास किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

