home page

फरीदाबाद : साइबर ठगी के दो मामलों में चार खाताधारक गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : साइबर ठगी के दो मामलों में चार खाताधारक गिरफ्तार


फरीदाबाद, 31 मई (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चार खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार काे बताया कि सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी शिकायत में बताया कि उसके व्हॉट्सएप पर एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हॉट्सएप ग्रुप से जुड़ गया, जहां पर ठगों द्वारा उसे स्टॉक्स, प्री-आईपीओ एवं ब्लॉक डील्स में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया। ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल 73 लाख 97 हजार 600 रुपये ट्रांसफर करवा लिये। बाद में उसको न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस की गई। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लुधियाना, पंजाब से खाताधारक हंसराज गोयल (53) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी की जनता ट्रांस-वे नाम से एक फर्म है, जिसका खाता उसने आगे ठगो को दिया था। खाता में ठगी के सात लाख रुपये आये थे। आरोपी का ट्रांसपोर्ट का काम है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। एक अन्य मामले में 19 लाख 75 हजार रुपए ठगी मामले में साइबर थाना एनआईटी ने तीन खाताधारकों विकास (30), विशाल रावत (45) व घनश्याम (35) निवासी राजस्थान को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शेयर टे्रडिंग के नाम पर सेक्टर-39 निवासी एक व्यक्ति से 19 लाख 75 हजार रुपए की ठगी की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विशाल रावत ने अपनी पत्नी के नाम पर फर्म का खाता खुलवाया था और फर्म के खाता को विकास को दिया था, विकास ने यह खाता आगे घनश्याम को दे दिया। खाता में ठगी के पांच लाख रुपये आये थे। विशाल लोन दिलाने का काम करता है वहीं विकास की मोबाइल शॉप है। विशाल एम कॉम, विकास आठवीं व घनश्याम 12वीं पास है। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर