home page

फरीदाबाद में साइबर ठगी के दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद में साइबर ठगी के दो आरोपित गिरफ्तार


फरीदाबाद, 04 नवंबर (हि.स.)। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में टेलीग्राम के माध्यम से निवेश पर मुनाफे का लालच देकर 3,67,824 रुपये की ठगी की गई, जबकि दूसरे मामले में गैस एजेंसी की फर्जी केवाईसी एप्लीकेशन भेजकर मोबाइल हैक कर खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार गांव अनंगपुर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 सितंबर को उसके टेलीग्राम पर निवेश कर मुनाफा कमाने का संदेश आया था। शुरुआत में उसने 374 रुपये निवेश किए, जिसके बदले उसे 600 रुपये वापस मिले। इससे उसका विश्वास बढ़ गया और ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल तीन लाख 67 हजार 824 रुपये जमा करवा लिए। बाद में आरोपितों ने रकम फ्रीज होने का बहाना बनाकर दो लाख 69 हजार 880 रुपये और जमा करवाने की मांग की, जिसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने बिक्रम निवासी सेक्टर-25, मदनपुरी, पंचकूला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक जानकार के माध्यम से अपना बैंक खाता आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी के खाते में ठगी के 68 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। दूसरे मामले में उत्तम नगर, फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता का इंडेन गैस कनेक्शन से सिलेंडर बुक नहीं हो रहा था। इस पर उसने गूगल पर रिच फ्लेम गैस एजेंसी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। वहां मिले नंबर पर कॉल नहीं लगने के कुछ समय बाद उसके पास दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए केवाईसी लंबित होने की बात कही और ऑनलाइन केवाईसी के लिए इंडेन गैस के लोगो वाली एक एप्लीकेशन भेजी। एप्लीकेशन पर क्लिक करते ही शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन हैक हो गया और उसकी स्क्रीन ब्लैक हो गई। बाद में बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि साइबर ठगों ने उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विसंत कुमार निवासी गांव बरला, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने पिता का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया हुआ था। उक्त खाते पर अन्य राज्यों में साइबर ठगी के सात मामले दर्ज पाए गए हैं। आरोपी द्वारा उपलब्ध करवाए गए खाते में ठगी के 10 हजार रुपये प्राप्त हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर