फरीदाबाद : करंट लगने से 11वीं के छात्र की मौत
फरीदाबाद, 03 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद की न्यू भारत कॉलोनी में करंट लगने से 19 वर्षीय 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान खुशहाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नहाने के बाद बाथरूम में तौलिया टांग रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बताया कि, शनिवार को खुशहाल का 11वीं कक्षा का पेपर था। वह परीक्षा देने की तैयारी में था। सुबह वह नहाने के लिए बाथरूम में गया था। नहाने के बाद जब वह तौलिया टांग रहा था, उसी दौरान उसे करंट लग गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। खुशहाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने बताया कि जिस बेटे को शनिवार को परीक्षा देने जाना था, वह अचानक हादसे का शिकार हो गया। परिवार को खुशहाल की पढ़ाई और भविष्य से काफी उम्मीदें थीं। उसकी मौत से परिवार को बड़ा सदमा लगा है। घटना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि खुशहाल सामान्य रूप से अपने रोजमर्रा के काम कर रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में ऐसा हादसा हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

