फरीदाबाद : श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता : सतेंद्र गुप्ता
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस आयुक्त ने दिए अधिकारियों को निर्देश
फरीदाबाद, 01 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर 21सी में पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह को कांवड़ यात्रा ड्यूटी का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डीसीपी सेंट्रल, डीसीपी बल्लभगढ़ एवं डीसीपी एनआईटी अपने-अपने जोन में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे तथा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करेंगे। बैठक में यात्रा के लिए निर्धारित तीन प्रमुख मार्गों की विशेष समीक्षा की गई। इनमें आगरा कैनाल मार्ग, बदरपुर बॉर्डर से बाईपास मार्ग तथा बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं। इन सभी मार्गों पर प्रभावी नाकाबंदी, नियमित गश्त तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आगरा कैनाल के साथ लगने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहेगी, इसलिए इस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, ट्रैफिक कर्मचारी एवं आपातकालीन संसाधन उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस तथा क्रेन की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान की जा सके। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के कांवड़ शिविर संचालकों से लगातार समन्वय बनाए रखें तथा शिविरों की सुरक्षा व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांवड़ शिविर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहे। शिविर मुख्य मार्ग से 50 फीट की दूरी पर स्थापित किए जाएं, ताकि कोई अप्रिय घटना घटित ना हो।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

