home page

फरीदाबाद : कोर्ट मैरिज से नाराज लडक़ी के परिजनों ने युवक पर किया हमला

 | 
फरीदाबाद : कोर्ट मैरिज से नाराज लडक़ी के परिजनों ने युवक पर किया हमला


फरीदाबाद, 24 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-23 में स्थित संजय कॉलोनी में युवक-युवती के घर से चले जाने और कोर्ट मैरिज करने की बात से नाराज युवती के परिजनों ने युवक के घर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीन महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों का बीके अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर गौंछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार संजय कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय जीतू 19 अगस्त को कॉलोनी में रहने वाली 21 वर्षीय युवती को लेकर घर से चला गया था। युवती के परिजनों का कहना है कि दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली है। हालांकि, शादी के बाद दोनों अभी तक अपने-अपने घर वापस नहीं आए हैं। दोनों के घर से चले जाने के बाद युवती के परिजन नाराज थे। रविवार को इसी बात को लेकर वे युवक के घर पहुंचे और वहां विवाद के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में घर में मौजूद कई लोगों को चोटें आईं। हमले में कोमल, मुरारी, रोहताश, सतबीर और सचिन समेत सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। दोनों परिवार एक-दूसरे के आसपास ही रहते हैं। घायल मुरारी ने बताया कि युवती के परिजन रात के समय उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने उन्हें बताया कि वे दोनों उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इसके बावजूद युवती के परिजनों ने उनके घर पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार युवती अभी पढ़ाई कर रही है। दोनों परिवार एक ही कॉलोनी में आसपास रहते हैं। युवक-युवती के घर से चले जाने के बाद शुरू हुए विवाद में अब मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस कर्मचारी सुनील कुमार ने बताया कि घायल परिवार की ओर से शिकायत दी गई है। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर