home page

फरीदाबाद पुलिस ने चलाया सर्च अभियान, कई संदिग्ध हिरासत में लिए

 | 
फरीदाबाद पुलिस ने चलाया सर्च अभियान, कई संदिग्ध हिरासत में लिए


फरीदाबाद, 16 मई (हि.स.)। फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में नशा तस्करी के खिलाफ शनिवार सुबह पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह सवेरे क्राइम ब्रांच की टीम, स्थानीय पुलिस, ब्लैक कमांडो, डॉग स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में पहुंची और पूरी कॉलोनी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई थी। जानकारी के अनुसार, नेहरू कॉलोनी से पिछले कुछ समय से लगातार नशा बेचने और नशा तस्करी की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पुलिस ने सुबह तडक़े कॉलोनी में सर्च ऑपरेशन चलाने की योजना बनाई। पुलिस टीम ने कॉलोनी की घेराबंदी कर घर-घर जाकर जांच की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कॉलोनी के हर कोने में जाकर तलाशी ली। इस दौरान 4 से 5 लोगों को संदिग्ध सामान के साथ हिरासत में लिया गया है। पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है और उनके पास मिले सामान की जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि यह एक विशेष सर्च अभियान था, जिसे नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग इलाके में नशा बेचने का काम कर रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। सर्च ऑपरेशन में महिला पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया था ताकि जरूरत पडऩे पर महिलाओं से भी पूछताछ की जा सके। इसके अलावा डॉग स्क्वायड की मदद से भी कई स्थानों की जांच की गई। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी को रोकने के लिए इस तरह के सर्च अभियान आगे भी समय-समय पर चलाए जाएंगे ताकि इलाके में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर