home page

फरीदाबाद : शिव मंदिर में चौथी बार चोरी, पांच दानपात्र तोड़े

 | 
फरीदाबाद : शिव मंदिर में चौथी बार चोरी, पांच दानपात्र तोड़े


फरीदाबाद, 13 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-10 स्थित टीसीसी शिव मंदिर में चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात के अंधेरे में मंदिर में घुसे चोर पांच दानपात्र तोडक़र उनमें रखी करीब 50 से 60 हजार रुपये की दान राशि लेकर फरार हो गए। मंदिर कमेटी के अनुसार मंदिर में चोरी की यह चौथी वारदात है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कमेटी के सदस्यों में नाराजगी है। मंदिर कमेटी के सदस्य राम रूप आर्य ने बताया कि चोरी शनिवार रात करीब 12 बजे से सुबह चार बजे के बीच हुई। रविवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर के पुजारी राधिका प्रसाद मिश्रा पहुंचे तो पांचों दानपात्र टूटे हुए मिले। दानपात्रों में रखी दान राशि गायब थी। इसके बाद मंदिर कमेटी को सूचना दी गई। जांच में सामने आया कि चोर मंदिर के पीछे बने गेट के ऊपर एग्जॉस्ट फैन लगाने के लिए छोड़े गए रास्ते की खिडक़ी तोडक़र अंदर दाखिल हुआ था। इसके बाद उसने मंदिर में रखे पांचों दानपात्र तोड़े और उनमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया। मंदिर कमेटी के अनुसार इससे पहले जुलाई में भी मंदिर में चोरी हुई थी। उस समय भी चोर दानपात्र तोडक़र श्रद्धालुओं की दान राशि ले गया था। इसके अलावा मंदिर से भगवान के वस्त्र और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। कमेटी का कहना है कि बार-बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं और सदस्यों में रोष है। राम रूप आर्य ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामला क्राइम ब्रांच को भी सौंपा गया है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। मंदिर कमेटी ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ मंदिर के आसपास रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर सिंह के मुताबिक पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर