फरीदाबाद : पांच बेटियों के बाद हुई बेटी तो मां ने नाले में फैंका,पुलिस ने किया गिरफ्तार
फरीदाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। करीब तीन दिन पहले डेढ़ साल की बच्ची को नाले में फेंकने वाली महिला को पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया है। बच्ची की मौत हो चुकी है। पूछताछ में महिला ने बच्ची को नाले में फेंकने की बात कबूल की है। बताया कि उसकी पांच बेटियां पहले से है, यह सबसे छोटी थी। गरीबी में उसने यह कदम उठाया। फिलहाल, पुलिस को महिला की यह बात खटक रही है। अब पुलिस जानकारी जुटाई रही है कि मामले में उसके पति का तो कोई रोल नहीं है। पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले यानि 23 अप्रैल को पल्ला थाना क्षेत्र में नाले में एक बच्ची का शव बरामद हुआ था। धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के बीच से गंदे पानी का एक बड़ा नाला गुजरता है, जिसे स्थानीय लोग बुढिय़ा नाला कहते हैं। नाले के ऊपर से आने-जाने के लिए स्थानीय लोगों ने एक कच्ची पगडंडी बना रखी है। दो स्कूली बच्चे वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने ही पगडंडी के नीचे नाले के किनारे बच्ची का शव लोहे के जाल में फंसा देखा। इसके बाद दोनों बच्चों ने घर जाकर परिवार को इसकी जानकारी दी। लोग मौके पर पहुंचे और करीब जाकर देखा तो पता चला कि बच्ची मृत अवस्था में नाले के किनारे फंसी हुई थी। इसके बाद तुरंत पल्ला थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची के शव को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद पता चला कि बच्ची की उम्र करीब डेढ़ साल है, जिसकी पानी में डूबने से मौत हुई है। डेढ़ साल की मासूम बच्ची को नाले में फेंकने की बात सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने इस मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे एरिया के सारे सीसीटीवी खंगाले। दो दिन बाद पुलिस के साथ कामयाबी लगी, जिसमें एक महिला मासूम बच्ची को गोद में लेकर जाती दिखाई दी। मगर, कुछ देर बाद जब वह लौटी, तो उसकी गोद में कोई नहीं था। सीसीटीवी 23 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे का था। इसके बाद पुलिस ने इस सीसीटीवी के आधार पर महिला की तलाश शुरू की। पुलिस कर्मियों का आसपास के एरिया में महिला की फोटो लेकर भेजा गया। धीरज नगर एरिया में जब टीम पहुंची तो वहां के रहने वाले लोगों ने महिला को पहचान लिया। बताया कि यह महिला नीलम है, जो मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और यहां अपने पति संजय के साथ कई सालों से स्लम एरिया में रहती है। इसके बाद टीम ने बताई गई जगह पहुंच कर नीलम को हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला से पूछताछ की जा रही है। उसे पति, बच्चों और आसपास के रहने वालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

