फरीदाबाद : पतंग विवाद में बच्चे ने अपने दोस्त को चाकू से गोदा
फरीदाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। मवई गांव की करुणा कॉलोनी में मंगलवार काे पतंग काटने को लेकर शुरू हुआ बच्चों का विवाद इतना बढ़ गया कि 12 साल के एक बच्चे ने अपने पड़ोस में रहने वाले 12 वर्षीय बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि बच्चे ने घर से सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर दूसरे बच्चे के पेट में चार बार वार किए। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दोनों बच्चे पड़ोसी हैं और आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान पतंग उड़ाने को लेकर दोनों में विवाद हो गया। घायल बच्चे ने दूसरे बच्चे की पतंग काट दी, जिससे वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद वह घर गया और सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। उसने दूसरे बच्चे के पेट में चार बार चाकू घोंप दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। हमले में बच्चे के पेट में गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल बच्चे की हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे फिलहाल स्टेटमेंट देने के लिए अनफिट घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि बच्चे का बयान दर्ज होने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल बच्चे के स्वजन का आरोप है कि पड़ोसी पक्ष की ओर से उन्हें पहले भी धमकियां दी जा चुकी हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने के साथ दोनों बच्चों के परिजनों से पूछताछ की है। दोनों बच्चे नाबालिग हैं, इसलिए पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

