home page

फरीदाबाद : बोरवेल में गिरी तीन साल की बच्ची, रेस्क्यू में जुटा प्रशासन

 | 
फरीदाबाद : बोरवेल में गिरी तीन साल की बच्ची, रेस्क्यू में जुटा प्रशासन


फरीदाबाद, 27 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सीही में गांव रविवार शाम को एक तीन साल की बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। बच्ची बोरवेल के पास खड़े एक ट्रैक्टर पर चढक़र खेल रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। बताया जा रहा है कि बोरवेल नगर निगम का था। हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अंधेरा अधिक होने की वजह से बोरवेल के आसपास लाइटें लगाई गई हैं। टीम ने बोरवेल के अंदर एक कैमरा भी डाला है। वीडियो में अंदर कुछ पड़े पत्थर दिखाई दे रहे हैं। बच्ची के पिता रामदीन का कहना है कि बोरवेल करीब 10 साल से बंद था। कुछ दिन पहले उसका ढक्कन हट गया था। घटना के दौरान वह काम पर गए थे। गांव के लोगों की सूचना पर उन्हें बेटी के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली। सीही गांव में नगर निगम की जमीन पर बोरवेल लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि ये कई सालों से सूखा पड़ा है। रविवार शाम 3 साल की नेहा बस्ती के बच्चों के साथ बोरवेल के पास ही खेल रही थी। यहां एक ट्रैक्टर भी खड़ा था। खेलते-खेलते बच्चे इस ट्रैक्टर पर ही चढ़ गए। इसी दौरान नेहा अचानक ट्रैक्टर से गिरकर सीधे बोरवेल में गिर गई। नेहा के अंदर गिरते ही बच्चों ने शोर मचा दिया। आसपास के लोग वहां जमा हो गए। तुरंत ही नेहा के पिता रामदीन को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बोरवेल के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही है। अभी ग्रामीणों को बोरवेल से दूर किया जा रहा है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची कितनी गहराई पर फंसी है। रामदीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले हैं। वे कई सालों से सीही गांव में ही रह रहे हैं। गांव में ही मजदूरी का काम करते हैं। परिवार में रामदीन, उनकी पत्नी और बच्ची नेहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर