फरीदाबाद : 80 प्रतिशत पैसे लेकर भी किया फ्लैट का आवंटन रद्द, मामला दर्ज
फरीदाबाद, 10 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने वाले लोगों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी ने तीन फ्लैट की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान लेने के बावजूद खरीदारों का आवंटन रद्द कर दिया और वर्ष 2024 में वही फ्लैट दूसरे लोगों को बेच दिए। इस मामले में पुलिस ने कंपनी जॉतिंद्रा स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में दो कमरे वाले फ्लैट आवंटित किए गए थे। इसके लिए उन्होंने वर्ष 2023-24 में फ्लैट की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था। आरोप है कि कंपनी ने वर्ष 2024 में उनके फ्लैटों का आवंटन रद्द कर दिया और उन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उस समय तक प्रोजेक्ट का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ था, जबकि कंपनी ने वर्ष 2024 में निर्माण पूरा करने का भरोसा दिया था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित फ्लैट आईसीआईसीआई बैंक के पास गिरवी रखे गए हैं। इसके बावजूद कंपनी ने कथित तौर पर फ्लैटों को दूसरे लोगों को बेच दिया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर से मामले में मुकदमा दर्ज कर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सितंबर 2026 को जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद शिकायत आर्थिक अपराध शाखा, एनआईटी फरीदाबाद को जांच के लिए भेजी गई। जांच के दौरान एडीए से कानूनी राय ली गई। जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

