फरीदाबाद : नहर में मिला युवक का शव, नहीं हुई पहचान
फरीदाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। बल्लभगढ़ आईएमटी क्षेत्र के पास स्थित आगरा कैनाल नहर में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर के किनारे मौजूद लोगों ने पानी में एक शव बहता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवा दिया।शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। सदर थाना प्रभारी ओम प्रकाश चंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव एक-दो दिन पुराना लग रहा है। पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह फूल चुका था, जिससे उसकी सही उम्र और पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास होने का अनुमान लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना और पुलिस चौकियों को सूचना भेज दी गई है। जिले में दर्ज सभी गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है। यदि किसी थाने में इस युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो उसके आधार पर पहचान की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित मॉच्र्युरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

