home page

फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल का हार्ट सेंटर दोबारा शुरू

 | 
फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल का हार्ट सेंटर दोबारा शुरू


फरीदाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। शहर में पिछले कई महीनो से विवादों के कारण बंद पड़े बीके सिविल हॉस्पिटल में हार्ट सेंटर को दोबारा से चालू किया गया है। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शुक्रवार को इसका उद्घाटन किया। इस सैंटर को हार्ट सेंटर पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर संचालित किया जाएगा। इस हार्ट सेंटर को पहले पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप योजना के तहत 2018 में हरियाणा सरकार द्वारा इस शुरू किया गया था। जिसके चलते यहां लोगों को निजी अस्पतालों की तुलना में काफी सस्ता इलाज मिल रहा था, लेकिन कुछ सालों बाद इसके स्टॉफ पर यंहा आने वाले मरीजों से पैसे लेने के आरोप लगे। इसको संचालित करने वाले ग्रुप पर आयुष्मान योजना और बीपीएल कार्ड धारकों के नाम पर लाखों रूपए का घोटावा करने का आरोप लगा। इसको लेकर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था। इतना ही नही इस हार्ट सेंटर में पंकज मोहन नामक एक सर्जन की डिग्री फर्जी होने के भी आरोप लगे, जिसके बाद ये हार्ट सेंटर बंद हो गया। करीब 9 महीने बाद एक बार दोबारा से इस हार्ट सेंटर को शुरू किया गया है। मंत्री ने कहा कि दोबारा से लोगों को यंहा पर किफायती दरों पर सुविधाएं मिलेगी। अब ऐसे लोग, जो महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें सस्ती दरों पर दिल से जुड़ी बीमारियों का इलाज मिल सकेगा। मंत्री ने कहा कि एक तरफ निजी अस्पतालों में ढाई से 3 लाख में स्टंट डाले जाते हैं, तो यहां केवल 52 हजार रुपए में पूरा इलाज मिलेगा। इसके अलावा दिल की बीमारियों से जुड़े टेस्ट भी कम पैसों में किये जाएंगे। राज्य में अवैध रूप से चल रही मांस की दुकानों को लेकर मंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य भर में बिना लाइसेंस संचालित हो रही मांस की दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नियमों के विरुद्ध चल रही दुकानों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सरकार के संज्ञान में यह बात आई है कि कई स्थानों पर मांस की दुकानें बिना आवश्यक लाइसेंस के संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त कुछ दुकानों का संचालन धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास भी किया जा रहा है, जिससे स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं और आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर