home page

फरीदाबाद : भाजपा में अनुशासन को दी जाती है सर्वोच्च प्राथमिकता : राजेश नागर

 | 
फरीदाबाद : भाजपा में अनुशासन को दी जाती है सर्वोच्च प्राथमिकता : राजेश नागर


भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, संगठन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी

फरीदाबाद, 30 मई (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित गुर्जर भवन में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा पदाधिकारी, महामंत्री, बूथ स्तर के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, अनुशासन, जनसंपर्क और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के बारे में जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को बताया गया कि बूथ स्तर पर संगठन को कैसे मजबूत किया जाए, लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी कैसे दी जाए और जनता के साथ निरंतर संवाद कैसे बनाए रखा जाए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, एकजुटता और समर्पण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया गया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि भाजपा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करती है, जिससे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सीखने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं को भविष्य की रणनीतियों और संगठन के लक्ष्यों को समझने में मदद मिलती है। राजेश नागर ने कहा कि और सबसे बड़ा संगठन है। पार्टी में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और कार्यकर्ताओं को भी अनुशासन के साथ संगठन में कार्य करने की शिक्षा दी जाती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है तथा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के उद्देश्य को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठन विस्तार, जनसंपर्क, सामाजिक समरसता और सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर