home page

फरीदाबाद : प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में होता है नेतृत्व क्षमता का विकास : अरूण सिंह

 | 
फरीदाबाद : प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में होता है नेतृत्व क्षमता का विकास : अरूण सिंह


प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

फरीदाबाद, 30 मई (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम के संकल्प को जीवन का मूल मंत्र बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया है। अरूण सिंह शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत फरीदाबाद महानगर जिला वर्ग प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन बतौर मुख्यातिथि कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचने पर राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह का महानगर जिलाध्यक्ष सोहनपाल सिंह के संयोजन में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सिंह ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित वैचारिक पार्टी है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रिय भूमिका से ही संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होता है। कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का न केवल व्यक्तित्व निखरता है, बल्कि उनकी संगठनात्मक क्षमता भी कई गुना बढ़ जाती है। राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी भाजपा सरकारों की नीतियों में दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में जनसंघ को केवल तीन सीटें मिली थी, जबकि 2019 में भाजपा 303 सीटों तक पहुंची। उन्होंने इसे संगठन और विचार की जीत बताते हुए कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राजनीतिक और विकासात्मक परिवर्तन आया है तथा अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनना करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान है। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों से प्रेरित है। उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को भी स्मरण किया और कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वाेपरि रखने की परंपरा भाजपा की पहचान रही है और कार्यकर्ताओं को इसी भावना के साथ समाज में कार्य करना चाहिए। अरुण सिंह ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक मूल्यों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और उन्हें जनसेवा के लिए नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और यही शक्ति राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साकार करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर