home page

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की हवा प्रदेश में सबसे जहरीली, 400 पहुंचा एक्यूआई

 | 

फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक

फरीदाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। मौसम में लगातार बदलाव और रात के तापमान में गिरावट के बावजूद हरियाणा में प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। औद्योगिक गतिविधियों, धूल और अन्य प्रदूषणकारी कारणों के बीच बल्लभगढ़ की हवा प्रदेश में सबसे ज्यादा प्रदूषित दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के 13 नवंबर शाम जारी बुलेटिन के अनुसार बल्लभगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 दर्ज किया गया। इस स्तर के साथ बल्लभगढ़ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा और गंभीर प्रदूषण की श्रेणी की दहलीज पर पहुंच गया। प्रदूषण के मामले में बल्लभगढ़ ने गुरुग्राम, नोएडा और दिल्ली जैसे शहरों को भी पीछे छोड़ दिया। आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम का एक्यूआई 324, पंचगांव का 318, मानेसर का 316 और बहादुरगढ़ का 308 दर्ज किया गया। ये सभी शहर बेहद खराब श्रेणी में रहे। वहीं प्रदेश के 24 निगरानी शहरों में पांच शहरों की हवा बेहद खराब, सात की खराब और 12 शहरों की हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। बल्लभगढ़ की स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि इसका एक्यूआई दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े शहरों से अधिक रहा। बल्लभगढ़ का एक्यूआई 400 सबसे अधिक रहा। इससे शहर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदूषण की समस्या केवल एनसीआर तक सीमित नहीं है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। भिवानी में एक्यूआई 245, जींद में 261, फतेहाबाद में 237 और यमुनानगर में 219 दर्ज किया गया। हालांकि इन शहरों की स्थिति बल्लभगढ़ जितनी खराब नहीं रही, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। दूसरी ओर हरियाणा में मौसम का मिजाज भी लगातार बदल रहा है। रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास बढऩे लगा है, जबकि दिन के समय गर्मी अभी बरकरार है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 14 नवंबर को प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है, जबकि 15 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। इसके बाद 16 और 17 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि फिलहाल बल्लभगढ़ सहित एनसीआर के शहरों में प्रदूषण से राहत मिलने का इंतजार बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर