फरीदाबाद : एटीएम काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला मास्टरमाइंड
फरीदाबाद, 04 अगस्त (हि.स.)। पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटकर लाखों रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बड़ी वारदातों का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य सहआरोपी बिहार की जेल में बंद है, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि द्वारा अपनी शिकायत में बताया गया कि तीन-चार जुलाई 2026 की रात भूपानी मोड़ स्थित शॉप नंबर-1 पर स्थापित हिताची मनी स्पॉट एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी छह लाख 53 हजार 300 रुपए की नकदी चोरी कर ली गई। जिस शिकायत पर थाना भुपानी में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। इस मामले में पुलिस ने बिहार निवासी विकास कुमार (24) गांव अटाली निवासी हुकमचंद (34) (दिल्ली पुलिस में सिपाही) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा गांव अटाली निवासी ही अरविंद (26) को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपित हुकमचंद, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत है, पूरे घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार है। उस पर कर्जा था। उसने अपने साथी अरविंद के साथ मिलकर एटीएम काटकर चोरी करने की योजना बनाई।
इसके बाद दोनों ने बिहार निवासी विकास और राजू को अपने साथ शामिल किया। विकास और राजू गैस वेल्डिंग का कार्य करते हैं तथा उनकी मुलाकात मच्छगर गांव में हुई थी। हुकमचंद ने चोरी करने के लिए एटीएम को चुना और उसकी जानकारी विकास व राजू को दी तथा गैस कटर सहित आवश्यक सामान उपलब्ध कराया। योजना के अनुसार विकास और राजू ने 3/4 जुलाई की रात थाना भुपानी क्षेत्र में गैस कटर की सहायता से एटीएम मशीन काटकर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। इस मामले का एक अन्य आरोपित राजू मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बिहार जेल में बंद है, जिसको प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा।
दूसरा मामला थाना सेक्टर-58 में गांव भैसरावली निवासी योगेश ने शिकायत दी कि 26/27 जुलाई 2026 की रात जेसीबी चौक के सामने पानी की टंकी के पास स्थापित हिताची कंपनी के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी लगभग पांच लाख 71 हजार की नकदी चोरी कर ली गई। इस मामले में पुलिस ने बिहार निवासी विकास कुमार (24), अभिषेक कुमार (19) तथा विशाल कुमार (19) को लखनऊ, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि भुपानी क्षेत्र में एटीएम मशीन से चोरी की घटना के बाद सहआरोपी राजू बिहार में एक अन्य चोरी के मामले में जेल चला गया था। विकास ने हुकुमचंद से संपर्क तोड़ दिया था। उसको साथियों की जरूरत थी, जिस पर उसने अपने भाई विशाल तथा अभिषेक कुमार को बिहार से बुलाया और उनके साथ मिलकर 26/27 जुलाई की रात थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में एटीएम काटकर करीब पांच लाख 71 हजार लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

