home page

फरीदाबाद : अहाता मैनेजर हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : अहाता मैनेजर हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 30 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-3 स्थित शराब ठेके के साथ बने अहाते के मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रितीक निवासी इंद्रा कॉलोनी, सेक्टर-52, गुरुग्राम के रुप में हुई है, जिसे पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में एक किशोर सहित आठ आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सुमित निवासी नंगला राम सिंह, उत्तर प्रदेश ने थाना सेक्टर-8 पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका भाई आदेश कुमार सेक्टर-3 फरीदाबाद स्थित शराब ठेके के साथ बने अहाते में मैनेजर के तौर पर काम करता था। शिकायत के अनुसार 15 अप्रैल की रात करीब 12 बजे सुमित अपने भाई से मिलने अहाते पर पहुंचा था। वहां उसने देखा कि दो व्यक्ति आदेश कुमार के साथ गाली-गलौच कर रहे थे। कुछ देर बाद करीब 10-12 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और आते ही आदेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में आदेश कुमार को गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत पर थाना सेक्टर-8 में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

उन्होंने आगे बताया कि मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए रितीक निवासी इंद्रा कॉलोनी, सेक्टर-52, गुरुग्राम को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रितीक और उसके एक अन्य साथी की सबसे पहले आदेश कुमार के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोपियों ने वहां पहुंचकर आदेश के साथ मारपीट की। पूछताछ के अनुसार, रितीक ने आदेश कुमार पर ईंट से वार किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर