home page

फरीदाबाद : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने किया बीके अस्पताल का निरीक्षण

 | 
फरीदाबाद : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने किया बीके अस्पताल का निरीक्षण


सफाई और पेयजल व्यवस्था में मिली खामियां; उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट

फरीदाबाद, 26 मई (हि.स.)। शहर के बीके अस्पताल में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने मंगलवार को औचक निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, जनरल वार्ड, लेबर रूम और हार्ट सेंटर सहित विभिन्न विभागों का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर कई कमियां सामने आईं। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि सरकार के निर्देश पर जिले के छोटे और बड़े सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की जा सके। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि सरकार के निर्देश पर जिले के छोटे और बड़े सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने कहा कि टॉयलेट की सफाई व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। इसके अलावा मरीजों और उनके परिजनों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी ठीक तरीके से काम करती नहीं मिली। अस्पताल के हर फ्लोर पर पानी की व्यवस्था होने के बावजूद लोगों को गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। एडीसी ने कहा कि अस्पताल में रोजाना हजारों मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को रिपोर्ट में शामिल कर आगे भेजा जाएगा, ताकि अस्पताल में व्यवस्थाओं को सुधारा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर