फरीदाबाद : घर में रखे 83 किलो पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्यौहारी सीजन के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने न्यू तिलपत कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए घर में अवैध रूप से पटाखे रखकर बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहताश (55 वर्ष), निवासी न्यू तिलपत कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि न्यू तिलपत कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपने घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए पटाखे छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के मद्देनजर क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी रोहताश को उसके घर से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान घर से 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन पटाखों को आगरा, उत्तर प्रदेश से करीब 20 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी इन्हें त्योहारी सीजन में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

