home page

फरीदाबाद : तीन वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, छह सदस्य काबू

 | 
फरीदाबाद : तीन वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, छह सदस्य काबू


फरीदाबाद, 24 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस की एवीटीएस सिकरोना ने गुरुवार काे वाहन चोरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले तीन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, इसके अलावा अन्य कुछ आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार टीम ने सितंबर माह में 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और 19 मोटरसाइकिल शामिल हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेस के दौरान बताया कि एवीटीएस सिकरोना की टीम ने वाहन चोरी में सक्रिय अलाउदीन- फरीद गैंग, आसिफ-मोहित गैंग तथा आसिफ-हाकम गैंग पर प्रहार करते हुए गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, इन गैंग से जुड़े आरोपितों से चोरी के वाहनों की बरामदगी की गई है। उन्होंने बताया कि आसिफ- मोहित गैंग से दो , मुस्तकीम उर्फ मऊ-हाकम गैंग से चार और अलाउदीन-फरीद गैंग से दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। अलाउदीन-फरीद जेल में बंद हैं। उन्होंने बताया कि आसिफ-मोहित गैंग से आसिफ निवासी धौज व मोहित शर्मा निवासी राजस्थान मुस्तकीम गैंग से मुस्तकीम पुत्र महमूद, निवासी गांव धौज, हाकम निवासी नूंह, अलाउदीन-फरीद गैंग से अलाउदीन निवासी दिल्ली तथा फरीद निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने उपरोक्त गैंग के अलावा अन्य आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर 12 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस प्रकार सितंबर माह में विशेष अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए एवीटीएस सिकरोना की टीम ने 20 चोरी के वाहन बरामद किये हैं। टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी तथा इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बरामद वाहनों का संबंध फरीदाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से पाया गया है। इनमें थाना सेंट्रल, सेक्टर-17, सेक्टर-58, शहर बल्लभगढ़, मुजेसर, सेक्टर-कोतवाली, सूरजकुंड, कोतवाली तथा खेड़ी पुल क्षेत्र में दर्ज मामले शामिल हैं। कुछ वाहन 2022 और 2023 में दर्ज पुराने मामलों से संबंधित हैं, जबकि कई वाहन वर्ष 2025 और 2026 में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से जुड़े हैं। पुलिस द्वारा बरामद वाहनों को संबंधित मुकदमों से जोडक़र आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर